हॉकी : मेरठ मंडल ने वाराणसी को हराया
मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर हॉकी प्रतियोगिता के चौथे दिन छह मैच खेले गए। झांसी, कानपुर, मेरठ, लखनऊ ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, अयोध्या और प्रयागराज मंडल, भदोही और अयोध्या मंडल के बीच मैच ड्रा हुआ। तीसरा मुकाबला मेरठ और वाराणसी मंडल के बीच हुआ। इसमें मेरठ मंडल ने वाराणसी मंडल को 5-0 गोल से शिकस्त दी।
हैंडबॉल में विद्यापीठ की टीम को मिली हार
चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय में चार दिवसीय ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबॉल महिला चैंपियनशिप का आगाज शनिवार से हुआ। पहले दिन यूनिवर्सिटी ऑफ राजस्थान जयपुर ने एमजी काशी विद्यापीठ वाराणसी को 20-16 के अंतर से, वीबीएस पूर्वांचल यूनिवर्सिटी ने संत गाडगे बाबा अमरावती यूनिवर्सिटी 20-14 से हराया।
ओमप्रकाश को स्वर्ण अभिषेक को रजत
मेरठ के खिलाड़ियों ने राज्य समन्वय सीनियर महिला जूडो प्रतियोगिता के दूसरे दिन तीन स्वर्ण और दो रजत जीते। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय हाल में आयोजित प्रतियोगिता के तहत नौ भार वर्गों के मुकाबले खेले गए। पुरुष 73 किग्रा में वाराणसी के अभिषेक को रजत, 90 किग्रा में वाराणसी के ओमप्रकाश को स्वर्ण पदक मिला।
बीच वॉलीबॉल के लिए 14 ने कराया पंजीकरण
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू की ओर से प्रस्तावित अंतर संकाय बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खेलने के लिए 14 टीमों ने पंजीकरण कराया है। साथ ही शनिवार शाम को कला संकाय की टीम ने एंफीथियेटर मैदान पर अभ्यास किया। क्रीड़ा परिषद के सहायक सचिव डॉ. रॉबिन सिंह बताया कि पंजीकृत टीमों के बीच मैच 24 से 27 मार्च के बीच होंगे।
कबड्डी में गोरखपुर ने वाराणसी को हराया
ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में गोरखपुर ने वाराणसी को पराजित कर दिया। शुभारंभ ध्रुव सिंह ने किया। इसमें गोरखपुर, वाराणसी, मऊ प्रयागराज, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, भदोही एवं आजमगढ़ हिस्सा ले रही हैं।
मेडल के साथ पदक विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
टेबल टेनिस में प्रियांशी और तान्या ने जीता स्वर्ण
दूसरे पैरा नेशनल टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को हराकर प्रियांशी केसरी और तान्या की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता है। प्रतियोगिता बड़ोदरा के शमा इंडोर कॉम्पलेक्स में 21 से 23 मार्च तक खेली जाएगी। शनिवार को ही यूपी के विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
जूडो में ओमप्रकाश, कमलेश ने जीता स्वर्ण
लखनऊ में खेल विभाग की प्रदेशस्तरीय समन्वय जूडो प्रतियोगिता में जिले के पांच खिलाड़ियों ने पदक जीते। पहले दिन 55 किलो भार वर्ग में कमलेश ने अयोध्या के खिलाड़ी सद्दाम अहमद को और 90 किलो भर वर्ग में ओमप्रकाश ने सहारनपुर के विक्की को हराकर स्वर्ण पदक जीता। 73 किलो भार वर्ग में अभिषेक और 100 किलो से अधिक भार वर्ग में हर्षित ने रजत पदक जीता।
100 किलो भार में सूरज मौर्य को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। टीम कोच लाल कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पहले दिन कुल पांच खिलाड़ियों ने पदक जीते। तीन का मुकाबला रविवार को होगा।
मुक्केबाजी के पदक जीतने वाले खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
काशी के मुक्केबाजों ने छह पदक जीते
प्रादेशिक मुक्केबाजी में वाराणसी के छह खिलाड़ियों ने पदक जीतकर काशी का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता बहराइच के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में 19 से 22 मार्च तक हुई। 13 सदस्यीय मुक्केबाजी टीम ने हिस्सा लिया। प्रदेशस्तरीय जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में काशी के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीता।
जिला मुक्केबाजी संघ की अध्यक्ष नीलू मिश्र और सचिव जनार्दन यादव ने बताया कि विशाल कुमार प्रजापति ने 46 से 48 भार वर्ग और दिग्विजय ने 75 से 80 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। रजत पदक 80 प्लस किलो भारवर्ग में आकाश यादव और 75 किलो भारवर्ग में श्रीजय शर्मा जबकि 60 किलो में रुपेन और 57 किलो में जसवंत गुप्ता ने कांस्य पदक जीता।
एकता दाैड़ को हरी झंडी दिखाते अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में एकता दौड़ में मीनाक्षी अव्वल
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू और बीइंग सर्विसेज सेल (डब्ल्यूबीएससी) की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे एकता दौड़ हुई। मीनाक्षी तिवारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। एंफीथियेटर मैदान में दौड़ में 69 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में 46 और महिला वर्ग में 23 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
मीनाक्षी के अलावा पूजा और मनीषा यादव ने पुरुष वर्ग में अक्षत प्रताप सिंह, अनुभव कुमार और प्रथमेश सिंह ने स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व क्रीड़ा परिषद के सचिव प्रो. अर्चना सिंह दौड़ शुरू कराई। स्वागत प्रो. निशांत, संचालन डॉ. खुर्शीद और धन्यवाद डाॅ. रॉबिन ने दिया।
कुश्ती का ट्रायल 27 मार्च को
यूपी कुश्ती संघ की ओर से प्रदेशिक प्रतियोगिता गोंडा के नंदिनी नगर में खेली जाएगी। वाराणसी की अंडर-20 टीम का चयन ट्रायल सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 27 मार्च को होगा। कुश्ती कोच गोरख यादव ने बताया कि अंडर-20 जूनियर स्टेट कुश्ती 30 और 31 मार्च को नंदिनी नगर में होगी।
वजन सुबह 9 से 10 बजे तक होगा। इसके बाद मैट पर खिलाड़ियों की दक्षता की परखी जाएगी। वजन में खिलाड़ियों को एक किलो की छूट दी जाएगी। 2005 से 2007 के बीच के खिलाड़ी खेल सकते हैं। 2008 में जन्मे खिलाड़ियों को चिकित्सा प्रमाणपत्र और माता-पिता के द्वारा अनुमोदित प्रमाण पत्र के साथ आना होगा। आयु का सत्यापन आधार कार्ड से होगा। प्रति खिलाड़ी सौ रुपये एंट्री फीस देनी होगी।
आदित्य के 70 रनों से क्वार्टर फाइनल में बरेका की टीम
आनंद क्रिकेट एकेडमी की ओर से स्व प्रेमा देवी और स्व मोहनलाल चौरसिया स्मृति क्रिकेट शनिवार को बीएचयू के एंफीथयेटर मैदान पर खेला गया। पहले मैच में बरेका जूनियर टीम ने आदित्य सिंह की ताबड़तोड़ 70 रनों की पारी की बदौलत बिंद स्पोर्टिंग क्लब को 86 रन से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी कर बरेका की जूनियर क्रिकेट टीम ने 35 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए। जवाब में बिंद स्पोर्टिंग क्लब की टीम ने 26 ओवर में 134 रन पर ऑलआउट हो गई। मैच बरेका की जूनियर टीम ने 86 रनों से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच आदित्य सिंह को चुना गया। उद्घाटन आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने किया।
लीग आधार पर होगी प्रतियोगिता
लीग आधार पर खेली जा रही प्रतियोगिता में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट कलर ड्रेस और सफेद बॉल से होगी। उद्घाटन और फाइनल 35 ओवर का होगा। वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध प्रतियोगिता को 50 मैच ऑफिशियल कराएंगे। लगातार चौथे वर्ष के विजेताओं के विशेष परफारमेंस वाले खिलाड़ी पुरस्कृत होंगे।
जिलास्तरीय प्रतियोगिता में स्टार क्लब को मिली जीत
जिलास्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में शनिवार को खेले गए मुकाबले में स्टार क्लब ने सनराइज क्लब को हराकर बढ़त हासिल की। साथ ही सनराइज क्लब के विजयी अभियान को झटका लगा है। हालांकि, पदक तालिका में अंकों के आधार पर सनराइज क्लब के फाइनल में पहुंचने की उम्मीद बची है।
सनराइज क्लब को लीग में 5-2 से हराकर स्टार क्लब की टीम ने अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में अंशु शर्मा ने तीसरे मिनट में ही गोल कर स्टार क्लब को 1-0 की बढ़त दिला दी। चार मिनट बाद लगातार तीसरी जीत से उत्साहित सनराइज क्लब के गौरव गुप्ता ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।
बारहवें मिनट में ईशान पटेल के क्रॉस पास पर मोनू प्रजापति ने गोल कर स्टार क्लब को 2-1 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ के एक मिनट पहले स्टार क्लब के राष्ट्रीय खिलाड़ी शुभम पटेल ने शानदार स्टिक वर्क दिखाते हुए स्कोर 3-1 कर दिया। हाफ टाइम के बाद सनराइज क्लब की टीम ने रणनीति में बदलाव किया।
26वें मिनट में मोहित गौड़ ने स्टार क्लब के गैप का लाभ उठाया और स्कोर 3-2 कर दिया। 30वें मिनट में स्टार क्लब के राष्ट्रीय खिलाड़ी शुभम पटेल ने दूसरा गोल कर स्कोर 4-2 पहुंचा दिया। मैच खत्म होने से तीन मिनट पहले स्टार क्लब के ईशान ने गोल कर स्कोर 5-2 पहुंचा दिया।