भारतीय शूटर गगन नारंग और एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज को खेल मंत्रालय ने अहम जिम्मेदारी सौंपी है। खेल मंत्रालय ने दोनों खिलाड़ियों की एकेडमी को बजट दिया है. ताकि वह देश के अलग अगल हिस्सों में एकेडमी खोल वहां के खिलाड़ियों को तैयार कर सकें, ताकि हर जगह के खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म मिले।
खेल मंत्रालय ने इसके लिए दोनों खिलाड़ियों की एकेडमी को बजट दिया है। पेरिस वर्ल्ड चैंपियनशिप की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अंजू की एथलेटिक्स एकेडमी को पांच करोड़ और लंदन ओलिंपिक के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट गगन की एकेडमी को भी पांच करोड़ रुपए दिए गए हैं।
खबरों की माने तो, खेल मंत्री किरेन रिजिजू चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर और नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों के ग्रामीण और ट्राइबल इलाके के खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिले। इसलिए नारंग और अंजु वहां भी अपनी एकेडमी शुरू करें। शूटिंग और एथलेटिक्स में प्रतिभा खोजने और तराशने के लिए इन दोनों एकेडमी को बजट दिया गया है।
अंजू और गगन इन क्षेत्रों में छोटे सेंटर भी स्थापित करेंगे। गगन नारंग ने बताया कि पहले चरण में नॉर्थ ईस्ट के राज्यों से प्रतिभा खोजेंगे। उसके बाद यह योजना जम्मू सहित देश के अन्य राज्यों में चलाएंगे। प्रतिभाशाली बच्चों को स्कॉलरशिप भी दी जाएगी।