निशानेबाजों, एथलीटों और ताइक्वांडो के बाद वूशु खिलाड़ियों और तैराकों के दम पर भारत ने बृहस्पतिवार को 13वें एशियाई खेलों में पदकों का शतक भी पूरा कर लिया। यही नहीं चौथे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने 26 स्वर्ण, 18 रजत और छह कांस्य सहित कुल 50 पदक जीते। यह भारत का इन खेलों में एक दिन में पदकों के हिसाब से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय खिलाड़ी अब तक 58 स्वर्ण, 41 रजत और 19 कांस्य सहित कुल 118 पदकों के साथ शीर्ष पर हैं। नेपाल 96 पदक दूसरे और श्रीलंका 99 तीसरे नंबर पर हैं।
वूशू में सात स्वर्ण : वूशू में भारतीय खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण जीते। इनमें सूरज सिंह ने गुनशू ऑलराउंड में पहला पीला तमगा दिलाया। इनके अलावा वाई सनाथोई देवी (52 किग्रा), पूनम (75 किग्रा), दीपिका (70 किग्रा), सुशीला (65 किग्रा), रोशिबिना देवी (60 किग्रा) और सुनील सिंह (52 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। बिद्यापति चानू (56 किग्रा) के खाते में कांसा आया।
तरणताल से निकले 11 पदक : तैराकों ने तरणताल से चार स्वर्ण, छह रजत और एक कांस्य सहित 11 पदक निकाले। लिखित सेल्वाराज प्रेमा ने 200 मीटर ब्रेसस्ट्रोक में स्वर्ण और दानुष सुरेश ने रजत और अपेक्षा ने इसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। दिव्या सतिजा 100 मीटर बटरफ्लाई में और महिला टीम ने 400 मीटर फ्रीस्टाइल रिले में चैंपियन बनी।
भारोत्तोलकों का स्वर्णिम चौका : भारतीय भारोत्तोलकों ने चार स्वर्ण सहित पांच पदक जीते। एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता झिली डालाबेहड़ा (अंडर 45 किग्रा) में कुल 151 किग्रा वजन उठाकर पीला तमगा जीता। स्नेह सोरेन (अंडर 49 किग्रा) कुल 157 किग्रा, सोरोखाईबाम बिंदियारानी देवी (55 किग्रा) 181 और सिद्धांत गोगोई(61 किग्रा) कुल 264 किग्रा वजन उठाकर चैंपियन बने।
ताइक्वांडो में पदक का सिक्सर : ताइक्वांडो में भारतीय खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित छह पदक जीते। इनमें पूर्वा दीक्षित (49 किग्रा), रुचिका भावे (67 किग्रा), मार्गरेट मारिया (73 किग्रा) ने पीले तमगे, नीरज चौधरी (58 किग्रा) और अक्षय हुड्डा (87 किग्रा) ने रजत और लक्ष्य (80 किग्रा) ने कांसा जीता।
एथलीटों ने जीते छह पदक : एथलेटिक्स में एक स्वर्ण सहित छह पदक जीते। तिहरी कूद में कार्तिक ने स्वर्ण और मोहम्मद सलाहुद्दीन ने रजत जीता। सुरेंद्र जयकुमार ने पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में, अपर्णा रॉय ने महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में और प्रिया ने 400 मीटर दौड़ रजत, जबकि केएस जीवन ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में कांसा जीता।