इस लिटिल चैंपियन के पास ब्रिटेन और जापान दोनों की नुमाइंदगी करने का मौका था। स्काई के पिता स्टू इंग्लैंड के हैं, बाद में अमेरिका चले गए थे लेकिन मां मिको जापान में ही पैदा हुई हैं। उनके माता-पिता की मुलाकात जापान में हुई थी। स्काई वही पैदा हुई है। शुरुआत में स्काई की पढ़ाई जापानी स्कूल में ही हुई है। स्काई काफी अनुशासित हैं और इसकी शिक्षा उन्हें जापान से ही मिली है जहां आपको स्कूल में आपको खाने के लिए आपकी पसंद का नहीं बल्कि पौष्टिक आहार मिलता है और अगर आप प्लेट में कुछ छोड़ने की अनुमति नहीं है। खाने के समय बातचीत करने की भी मनाही रहती है। बच्चों को स्कूलों में खुद सफाई करनी पड़ती है।
स्काई ने चार साल की उम्र में पिता के स्केटबोर्ड के जरिए खेल की शुरुआत की। घर के आसपास अभ्यास शुरू कर दिया। पिता ने कुछ बातें बताईं लेकिन उन्होंने किसी पेशेवर कोच से शिक्षा नहीं ली। उनका कहना है कि उन्होंने काफी कुछ गुर यू ट्यूब से सीखे हैं। हालांकि तीन बार के ओलंपिक चैंपियन शॉन व्हाइट जोकि लास एंजिलिस में उनके घर के नजदीक रहते हैं उन्होंने कुछ बारीकियां बताई हैं जिसका फायदा मिला है। उनके घर के पास ही एक स्केट पार्क है, जहां स्काई ने ट्रेनिंग की। पिता स्टू कहते हैं कि स्केट पार्क में उसके सभी दोस्त जाते थे, शुरुआत में हम भी गंभीर नहीं थे। देखते ही देखते वह चैंपियन हो गई।
स्काई के लिए प्रायोजकों की लाइन लगी है। इसकी एक वजह यह भी है कि वह दो साल पहले एक टीवी रियलिटी शो भी जीतने में सफल रही थीं। उनके माता-पिता स्टू और मिको भी अब सेलेब्रेटी हो चुके हैं।