विश्व कप के पहले ही दिन सारी निगाहें 10 मीटर एयर राइफल में दुनिया के नंबर एक शूटर की पदवी पर बैठे दिव्यांश सिंह पंवार और एलावेनिल वालरिवान पर होंगी। खासतौर पर एलावेनिल के लिए यह विश्व कप टोक्यो ओलंपिक में खेलने या नहीं खेलने का बड़ा आधार बन सकता है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में अंजुम मौद्गिल और अपूर्वी चंदेला ने ओलंपिक कोटा हासिल किया है, लेकिन एलावेनिल ने इस इवेंट में अपने प्रदर्शन से ओलंपिक टीम में शामिल होने का दावा ठोक रखा है। कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में एलावेनिल अगर अपनी विश्व रैंकिंग पर खरी उतरती हैं तो अपूर्वी और अंजुम में से किसी एक की जगह ओलंपिक टीम में शामिल होने का उनका दावा बेहद मजबूत हो जाएगा।
शुक्रवार को पुरुष और महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल के क्वालिफिकेशन मुकाबले होंगे। पुरुषों में दिव्यांश के अलावा दीपक कुमार और अर्जुन बबूटा मुख्य मुकाबले में उतरेंगे। पंकज और ऐश्वर्य प्रताप बतौर एमक्यूएस खेलेंगे, जबकि महिलाओं में एलावेनिल, अंजुम और अपूर्वी दावा पेश करेंगी। पुरुषों में दिव्यांश और दीपक का ओलंपिक टीम में चयन लगभग पक्का है, लेकिन महिलाओं में स्थिति काफी कड़ी है।
एनआरएआई के अध्यक्ष रणइंदर सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि ओलंपिक के लिए टीम का चयन शूटरों की वर्तमान फॉर्म को ध्यान में रखकर होगा। ऐसे में लंदन ओलंपिक में कांस्य जीतने वाले गगन नारंग की शिष्या एलावेनिल का प्रदर्शन काफी अहम रहेगा। हालांकि चीन और जापान के शूटरों की गैरमौजूदगी में भी मुकाबला काफी कड़ा होने जा रहा है। मुकाबले में कई ऐसे शूटर भी हैं जिन्होंने ओलंपिक कोटा हासिल कर रखा है।
पाकिस्तान के उस्मान भारत पहुंचे
इस विश्व कप में खेलने के लिए पाकिस्तानी स्कीट शूटर उस्मान चांद दिल्ली पहुंच गए हैं। वह बृहस्पतिवार तड़के दुबई से एयरपोर्ट उतरे। जकार्ता एशियाई खेलों में पांचवें स्थान पर रहने वाल उस्मान दोपहर को रेंज में प्रैक्टिस भी की। वहीं कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में बृहस्पतिवार को कोरोना टेस्टिंग को लेकर काफी गहमा-गहमी रही। शूटरों को ट्रेनिंग और मुकाबलों में उतरने से पहले कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट लेकर उतरना है।