पंजाब के पूर्व दिग्गज बॉक्सर कौर सिंह लंबे समय से दिल की बीमारी से जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। 1982 के एशियाड गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले कौर सिंह की माली हालत इतनी खराब है कि वो अपने मेडिकल जांच के बिलों का भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन इसबीच उनके लिए मसीहा बनकर सामने आए हैं बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान।
कभी दिग्गज बुक्केबाज मुहम्मद अली से रिंग में लड़ने वाले 69 वर्षीय सिंह ने 13 दिसंबर को अपने दिल का इलाज करवाया और इस इलाज में अस्पताल ने उन्हें 2 लाख रुपए का बिल थमा दिया, लेकिन सिंह इस बिल का भुगतान कर पाने में असमर्थ थे। खबर मीडिया में देखने के बाद शाहरुख ने सिंह की ओर मदद का हाथ बढ़ाया है।
ये भी पढ़ेंः मुंह तोड़ने का बयान देने वाले बॉक्सर को विजेंदर का करारा जवाब, कुछ ऐसा करने को बेताब
शाहरुख की आईपीएल क्रिकेट टीम कोलकाता नाइट राइडर्स फाउंडेशन ने सिंह को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी है। शाहरुख ने सिंह के बारे में बोलते हुए कहा कि खिलाड़ी देश का गौरव होते हैं और समाज के रुप में उनकी देखभाल करना हमारा कर्तव्य बनता है। हमारे साथी खिलाड़ी के मुश्किल घड़ी में हमें उनका साथ देना चाहिए। हम हर किसी को अपने तरीके से ऐसा करने के लिए आग्रह करते हैं। हम सिंह को जल्द ठीक होने के लिए और एक स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं देते हैं।
शाहरुख के बाद कौर सिंह को और भी कई जगह से मदद मिली है। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 1 और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमिंदर सिंह ने 2 लाख रुपए की मदद की है।