पहले दिन की तरह आज भी पदक की आस निशानेबाजी से है लेकिन महिलाओं की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में निराशा हाथ लगी है। भारत की मेडल पाने की उम्मीद को एक बार फिर झटका लगा है।
महिलाओं की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा से भारतीय शूटर हीना सिद्धू बाहर हो गई हैं। हीना सिद्धू 380 अंकों के साथ 14 वें नंबर पर रहीं। फानल के लिए केवल टॉप 8 ही क्वॉलीफाई कर पाए।
हालांकि तीरंदाजी में भारत के लिए अच्छी खबर है कि भारत की महिला रिकर्व टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
भारतीय तीरंदाजों ने कोलंबिया को 5-3 से हराया। महिला टीम में दीपिका कुमारी, एल माझी और बी लैशराम शामिल हैं। भारत का अगला मुकाबला रूस की टीम से होगा।
रियो ओलंपिक के पहले दिन जीतू राय के पदक चूकने के बाद आज दूसरे दिन भारत पदक तालिका में अपना नाम शामिल कराना चाहेगा।
वहीं अब पुरुषों की ट्रैप निशानेबाजी में अनुभवी निशानेबाज मानवजीत सिंह संधू पर सभी की निगाहें होंगी। इसके अलावा केनन चेनाई भी पहली बार अपनी चुनौती पेश करेंगे।
जिम्नास्टिक में पहली भारतीय खिलाड़ी के रूप में ओलंपिक पहुंची दीपा करमाकर आज अपनी चुनौती पेश करेंगी।
इसके अलावा महिला हॉकी टीम आज से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत का पहला मैच जापान से होगा।