धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश और मुंबई के बीच चौथे दिन भी खेल नहीं हुआ। मुंबई ने पहले दिन पांच विकेट पर 372 रन बनाए थे। बेनतीजा रहे मैच में दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।
हरियाणा और उत्तराखंड का मुकाबला भी बेनतीजा रहा। हरियाणा ने पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। उत्तराखंड को एक अंक से ही संतोष करना पड़ा। हरियाणा ने अंतिम दिन उत्तराखंड के 109 रन के जवाब में पहली पारी में 142 रन बनाए। हर्षल पटेल ने सर्वाधिक 50, अजीत चहल ने 23 और सुमित कुमार ने 22 रन बनाए। उत्तराखंड की ओर से अग्रिम तिवारी ने छह विकेट चटकाए। जवाब में खेल खत्म होने तक उत्तराखंड ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 109 रन बनाए थे। विजय जेथी 26 और कप्तान तन्मय श्रीवास्तव 19 रन पर नाबाद लौटे।
छत्तीसगढ़ ने जम्मू एंड कश्मीर की पहली पारी 32.1 ओवर में 168 रन पर समेटकर पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। जेएंडके के खाते में एक अंक आया। जेएंडके की ओर से अब्दुल समद 33, अबिद मुश्ताक 31, वसीम रजा 29, फजिल राशिद नाबाद 29 और सूर्यांश रैना ने 23 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की ओर से सुमित ने चार और प्रताप सिंह व अजय मंडल ने तीन-तीन विकेट चटकाए। छत्तीसगढ़ ने अपनी पहली पारी चार विकेट पर 270 रन बनाकर घोषित कर दी थी। दूसरे और तीसरे दिन खराब मौसम के चलते खेल नहीं हो पाया था।