अमित धनकड़ ने प्रवीण राणा के खिलाफ टाई का अंतिम व निर्णायक मुकाबला 4-2 से अपने नाम करके गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी इंडोर स्टेडियम में चल रही प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्लूएल) के चौथे सत्र में पंजाब रॉयल्स को बेहद जरूरी जीत दिलाई। मौजूदा चैम्पियन पंजाब रॉयल्स ने हरियाणा हैमर्स के खिलाफ शनिवार की टाई 4-3 से जीती।
अमित से पहले सिन्थिया वेस्केन, बजरंग पुनिया और दातो मगारिश्विली ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर पंजाब का सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। पद्मश्री बनने के बाद बजरंग पहली बार मैट पर उतरे और आसानी से जीते।
इससे पहले शाम को टाई के पहले मुकाबले (57 किलो) में रवि कुमार ने अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए पंजाब रॉयल्स के नितिन राठी को 9-2 से हराया। पीडब्लूएल-4 की खोज रवि की जीत से हरियाणा हैमर्स को शुरुआती बढ़त मिल गई।
यूरोपियन चैम्पियनशिप ब्रॉन्ज मेडेलिस्ट सिन्थिया वेस्केन ने महिला 76 किलो वर्ग के नजदीकी मुकाबले में हरियाणा हैमर्स किरन को 4-3 से हराकर पंजाब को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
पद्मश्री और विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता बजरंग पूनिया ने 65 किलो में हमवतन रजनीश को 6-2 से हराकर पंजाब रॉयल्स को 2-1 से बढ़त दिलाने का मौका हाथ से नहीं जाने दिया। राष्ट्रीय चैम्पियन रजनीश ने कड़ा मुकाबला किया लेकिन 65 किलो वर्ग में दुनिया के नंबर एक पहलवान बजरंग आज उनसे कहीं ज्यादा बेहतर साबित हुए।
विश्व जूनियर चैम्पियन अनास्तासिया निचिता ने महिला 57 किलो की एकतरफा कुश्ती में यूरोपियन चैम्पियनशिप सिल्वर मेडेलिस्ट मिमि हिस्तोवा को 13-0 से रौंद डाला। हरियाणा हैमर्स की मोल्डोवाई पहलवान की इस जीत से टाई में स्कोर 2-2 हो गया।
86 किलो के मुकाबले में विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता अली शाबानोव के खिलाफ दातो मगारिश्विली ने जबर्दस्त वापसी करते हुए 7-4 से शानदार जीत हासिल करके पंजाब को 3-2 से आगे कर दिया।
पंजाब रॉयल्स की 19 वर्षीया पहलवान अंजू को महिला 53 किलो वर्ग के मुकाबले में सीमा ने 8-2 से हराया।
इनपुट-भाषा