भारत की पीवी सिंधू और समीर वर्मा कोरिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। पारूपल्ली कश्यप हालांकि अपना मुकाबला हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। छह लाख डॉलर की ईनामी राशि वाली इस प्रतियोगिता में ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू ने सीधे सेट में थाइलैंड की निचोएन जिंदापोल को 22-20, 21-17 से हरा कर अंतिम सोलह में जगह बनाने में सफल रही। अब उनका मुकाबला जापान की मिनातसू मितानी से होगा। मितानी ने 2014 की विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।
हांगकांग सुपर सीरीज के उप विजेता और सैयद मोदी ग्रांड प्रीक्स गोल्ड विनर समीर वर्मा ने हांगकांग के वांग विंग की विन्सेंट को 21-19,21-13 से हराया। पारूपल्ली कश्यप को कोरिया के सान वान हो ने 21-16, 17-21 और 21-16 से हराते हुए टूर्नामेंट के अंतिम आठ में पहुंचने में कामयाबी हासिल की।
सिंधू से भारत को यहां पदक की उम्मीद है। विश्व की नंबर 4 खिलाड़ी सिंधू ने पिछले माह ग्लासगो में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।