न्यूजीलैंड में पेशेवर क्रिकेट 19 अक्तूबर से बहाल होगा और प्रथम श्रेणी चैंपियनशिप कोरोना वायरस प्रोटोकॉल का पालन करते हुए खेली जाएगी। न्यूजीलैंड के छह खिलाड़ी इस समय आईपीएल के लिए यूएई में हैं, उनके अलावा सभी अनुबंधित खिलाड़ी प्लंकेट शील्ड टूर्नामेंट के लिए अपनी घरेलू टीमों से जुड़ेंगे।
टूर्नामेंट ईडन पार्क आउटर ओवल, सेडन पार्क और बेसिन रिजर्व पर खेला जाएगा। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने गुरूवार को आठ दौर की प्रथम श्रेणी चैंपियनशिप, न्यूजीलैंड की दोनों एकदिवसीय राष्ट्रीय चैंपियनशिप (महिला और पुरूष वर्ग) के कार्यक्रम की घोषणा की। पहले चार दौर क्रिसमस से पहले खेले जाएंगे।
बोर्ड के क्रिकेट परिचालन प्रमुख रिचर्ड ब्रूवेर ने कहा कि न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कोरोना वायरस संबंधी आईसीसी के अधिकांश नियमों को लागू करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, 'इसके मायने हैं कि घरेलू क्रिकेटर भी गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे, इसके अलावा अंपायर क्रिकेटरों की कैप या अन्य कपड़े नहीं पकड़ेंगे।'