रविवार को प्रो कबड्डी लीग 2019 के मुकाबले में दबंग दिल्ली ने एकतरफा मुकाबले में तमिल थलाइवाज को 50-34 हरा दिया। दिल्ली की यह इस सीजन की 11वीं जीत है और वो पहले स्थान पर मजबूती से बनी हुई है। वहीं थलाइवाज की यह लगातार छठी हार है और वे 11वें स्थान पर हैं।
दिल्ली की तरफ से खेलते हुए नवीन ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। नवीन ने तमिल थलाइवाज के खिलाफ एक और सुपर 10 लगाया और इस सीजन में सभी टीमों के खिलाफ सुपर 10 लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में घरेलू टीम बंगाल वॉरियर्स ने रोमांचक मैच में पुनेरी पलटन को 42-39 से हराते हुए अपने होम लेग में पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ अब बंगाल की टीम दूसरे स्थान पर आ गई है। बंगाल वॉरियर्स का अगला मुकाबला अब 11 सितंबर को यू मुंबा के खिलाफ कोलकाता में होगा वहीं दूसरी तरफ पुनेरी पलटन का अगला मैच अपने होम लेग के पहले दिन 14 सितंबर को गुजरात फॉर्च्यूनजायंट्स के खिलाफ होगा।