हरियाणा स्टीलर्स और गुजरात फाच्र्यून जाइंट्स के बीच आज यहां खेला गया प्रो कबड्डी लीग का मैच टाई रहा। मैच उतार चढ़ाव वाला रहा और आखिर में 27-27 से बराबरी पर समाप्त हुआ। गुजरात की टीम लगातार दूसरा मैच जीतने से चूक गई। हरियाणा ने दूसरे हाफ में शानदार खेल दिखाया और गुजरात के जबड़े से जीत छीन ली।
हरियाणा स्टीलर्स ने अंतिम पांच मिनट में 13 अंक बनाये लेकिन यह जीत दर्ज करने के लिये पर्याप्त नहीं थे। हरियाणा के राइडर्स सुरजीत सिंह और विकास खंडोला ने क्रमश: छह और सात अंक बनाये। सुरेंदर नाडा ने सात रेड से सात अंक बनाये। गुजरात की तरफ से महेंद्र कुमार से पांच अंक बनाये।
पहले हाफ में गुजरात ने अच्छा प्रदर्शन किया। वह इस हाफ की समाप्ति के बाद 11-8 से आगे था लेकिन दूसरे हाफ में हरियाणा ने अच्छी वापसी की। एक समय हरियाणा ने 12-11 से बढ़त भी हासिल कर ली थी। गुजरात ने हालांकि फिर से शानदार खेल दिखाया और 32वें मिनट में स्कोर 22-15 कर दिया। हरियाणा ने अंतिम पांच मिनट में जबर्दस्त खेल का नजारा पेश करके मैच टाई कराया।
दोनों टीमों के बीच अंकों को लेकर जमकर होड़ मची। गुजरात ने 14 रेड, 9 टैकल, 2 ऑल आउट और 2 अतिरिक्त अंक हासिल किया। वहीं हरियाणा ने 16 रेड, 9 टैकल, 2 ऑल आउट अंक सहित 27 अंक हासिल किए।