दबंग दिल्ली ने प्रो कबड्डी लीग में अपने घरेलू चरण का अंत अजेय रहते हुए जीत के चौके के साथ किया। दिल्ली ने शुक्रवार को पटना पाइरेट्स को रोमांचक मुकाबले में 38-35 से मात देकर 11 मैचों में अपनी नौवीं जीत दर्ज की। दिल्ली ने इस सत्र में सिर्फ एक मुकाबला गंवाया है, जबकि एक टाई रहा है। दिल्ली 49 अंकों के साथ शीर्ष पर है। उसके और दूसरे स्थान पर चल रहे बंगाल वॉरियर्स (39) के बीच दस अंकों का फासला है। दूसरे मैच में पुनेरी पलटन ने तेलुगु टाइटंस को 34-27 से मात दी।