पवन सहरावत के सुपर टेन के बलबूते बेंगलुरु बुल्स ने प्रो कबड्डी लीग के करीबी मुकाबले में शुक्रवार को यू मुंबा को 35-33 से हरा दिया। सहरावत के 11 अंक से बेंगलुरु बुल्स की टीम इस जीत के साथ तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है, जिससे उनके प्लेऑफ में पहुंचने की अच्छी संभावना है।
बेंगलुरु के नाम 19 मैच में 58 अंक है जबकि यु मुंबा 18 मैचों में 54 अंक के साथ पांचवें पायदान पर है। यू मुंबा के लिए अभिषेक सिंह ने 10 और अतुल एमएस ने नौ अंक जुटाए जिससे टीम के पास भी मैच में वापसी करने कर मौका था लेकिन वे दो अंक से पीछे रह गए।
वहीं, एक अन्य मुकाबले में तालिका में 11वें पायदान पर काबिज तेलुगु टाइटन्स ने प्रो कबड्डी लीग के मुकाबले में शुक्रवार को यहां जयपुर पिंक पैथर्स को 51-31 के बड़े अंतर से हराया। तेलुगुटाइटन्स के लिए सिद्धार्थ देसाई ने 22 और रजनीश ने 11 अंक जुटा को टीम को बड़ी जीत दिलायी।
जयपुर पिंक पैंथर्स के लिए दीपक हुड्डा ने 12 अंक जुटाए लेकिन उन्हें दूसरे खिलाड़ियों का साथ नहीं मिला। तेलुगु टाइटन्स को पांच मैचों के बाद जीत नसीब हुई है जिसके नाम 18 मैचों में 39 अंक है। जयपुर की टीम के 20 मैचों में 52 अंक के साथ तालिका में सातवें पायदान पर है।