शानदार लय में चल रहे नवीन कुमार के एक और दमदार प्रदर्शन से दबंग दिल्ली ने प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) में पुनेरी पलटन को 60-40 से पराजित कर नॉकआउट के दौड़ से बाहर कर दिया। 19 वर्षीय नवीन ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 19 अंक जुटाने के साथ ही लगातार 17वीं बार सुपर टेन बनाने का गौरव हासिल किया।
वह इस दौरान पीकेएल के इतिहास में सबसे तेजी से 400 अंक पूरे करने वाले खिलाड़ी बने। दिल्ली ने 19 मैचों में 15 जीत से 82 अंकों के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरे मैच में हरियाणा स्टीलर्स ने गुजरात फॉर्च्यूनजाइटंस को रोमांचक मुकाबले में 38-37 से हराया। हरियाणा 12वीं जीत के साथ 65 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।