सुकेश हेगड़े (छह अंक), मोहम्मद नबीबख्श (सात अंक) और रिंकू नरवाल (पांच अंक) के शानदार खेल के दम पर बंगाल वॉरियर्स ने प्रो कबड्डी लीग के मुकाबले में बुधवार को तमिल थलाइवाज को 33-29 से मात दी। इस जीत के साथ ही बंगाल वारियर्स की टीम 83 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। राहुल चौधरी ने थलाइवाज के लिए सात अंक बनाए लेकिन टीम को एक और हार से नहीं बचा सके।
तमिल थलाइवाज की टीम ने 22 मैचों में 37 अंक के साथ तालिका में सबसे नीचे 12वें स्थान के साथ अपने अभियान को खत्म किया। बड़े खिलाड़ियों से भरी चेन्नई की यह टीम पूरे सत्र में सिर्फ चार मैचों में जीत हासिल कर पाई। वहीं, दूसरे मुकाबले में तेलुगु टाइटंस ने यूपी योद्धा को 41-36 से हरा दिया।