गुजरात फॉर्च्यून सुपरजायंट बनाम बंगाल वॉरियर्स
- फोटो : Pro kabaddi
टूर्नामेंट में पहली बार खेलने उतरी गुजरात फॉर्च्यूनजाइंटस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बंगाल वॉरियर्स को 42-17 से हराकर प्रो कबड्डी लीग के सीजन-5 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच की शुरुआत बेहद धीमी रही। पहले क्वार्टर में तो दोनों ही टीमें लय हासिल करने के लिए जूझ रही थी। मुंबई में खेले गए मुकाबले में पहले 10 मिनट में गुजरात 7-6 से आगे थी। लेकिन जैसे जैसे मैच आगे बढ़ा गुजरात अपनी पकड़ मजबूत करती गई। हाफ टाइन तक गुजरात ने 13-10 की बढ़त हासिल कर ली थी। लेकिन इसके बाद गुजरात का जादू ऐसा चला कि उन्होंने दूसरे हाफ में बंगाल को कोई मौका नहीं दिया। दूसरे हाफ में गुजरात ने 29 तो बंगाल ने केवल 7 अंक बटोरे और एकतरफ बने मैच को गंवा दिया।
गुजरात की जीत के हीरो रहे सचिन ने रेड में सर्वाधिक नौ अंक हासिल किए। उन्हें आठ अंक लेने वाले महेंद्र राजपूत से अच्छा सहयोग मिला। रक्षक खिलाड़ियों में अबोजर मिघानी और प्रवेश बैंसवाल ने चार-चार अंक लिए। बंगाल की टीम ने दूसरे हाफ में बेहद खराब प्रदर्शन किया और महज सात अंक ही ले पाई। मनिंदर सिंह और जैंग कुन ली अहम मुकाबले में एक-एक अंक ही ले पाए। गुजरात की टीम पहले छह मिनट में 6-3 से बढ़त पर थी। पहले हाफ तक मुकाबला टक्कर का था जब गुजरात को 13-10 से तीन अंक की बढ़त थी। दूसरे हाफ में गुजरात ने ऑलआउट से 19-10 की मजबूत बढ़त ले ली थी।
गुजरात ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। बंगाल के सामने गुजरात हर मामले में दबंग साबिक हुई। गुजरात ने रेड में 21, टैकल में 14 ऑल आउट प्वाइंट के रूप में 6 और अतरिक्त के रूप में कुल 1 अंक हासिल किया। वहीं बंगाल वॉरियर्स रेड में 8, टैकल में 7 और अतिरिक्त के रूप में केवल 2 अंक हासिल कर सकी।