प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने गए भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में बुधवार को कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी हुई, जबकि इवेंट्स की शुरुआत 5 अप्रैल से होगी।
प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए भारतीय एथलीटों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'गोल्ड कोस्ट 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीटों को शुभकामनाएं! हमारे खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की है और यह गेम्स उनके लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मौका है। सभी भारतीयों को हमारे दल का उत्साह बढ़ाना चाहिए।'
पीएम मोदी के अलावा कई दिग्गज खिलाड़ियों ने भारतीय एथलीटों को शुभकामनाएं दी हैं।
इसके साथ ही ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा ने भी ट्वीट करके एथलीटों को बधाई दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'ओपनिंग सेरेमनी के दौरान माहौल त्योहार जैसा होता है। प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से पहले सेरेमनी से एथलीटों को आनंद लेने का शानदार मौका मिलता है। सीडब्लूजी 2018 में हिस्सा ले रहे सभी एथलीटों को शुभकामनाएं।'
इसके अलावा संदेश झिंगन ने ट्वीट किया, 'कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में हिस्सा ले रहे सभी भारतीय एथलीटों को शुभकामनाएं। हमें आप पर गर्व है और आपका उत्साह बढ़ाएंगे। जय हिंद।'
पता हो कि यह पांचवां मौका है जब
कॉमनवेल्थ गेम्स ऑस्ट्रेलिया में आयोजित हो रहा है। इतिहास में पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुष और महिलाओं के लिए बराबर के इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं।