पूजा गहलोत (53 किग्रा) ने यूडब्ल्यूडब्ल्यू अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश किया। पूजा ने 2-4 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जूनियर यूरोपियन चैंपियन तुर्की की जेनेप येतगिल को 8-4 से हराया। अब वह शुक्रवार को फाइनल में जापान की हारूनो ओकुनो से भिड़ेंगी।
किसी भी भारतीय ने यूडब्ल्यूडब्ल्यू अंडर-23 विश्व चैम्पियनशिप के पिछले तीन चरण में कोई स्वर्ण पदक नहीं जीता है। रविंदर ने बुधवार को किर्गिस्तान के उलुकबेक जोल्डाशबेकोव से 61 किग्रा फाइनल में हारकर कांस्य पदक से संतोष किया था।
पूजा ने क्वालीफाइंग चरण से ही अच्छी शुरूआत की जिसमें उन्होंने रूस की कैटरीना वर्बिना को 8-3 से मात दी। क्वार्टरफाइनल में उन्होंने 8-0 की शानदार जीत से सेमीफाइनल में प्रवेश किया। ज्योति (50 किग्रा) ने भी कांस्य पदक के मुकाबले में जगह बना ली है।
57 किग्रा में पिंकी रानी ने भी एकतरफा मुकाबले में अमेरिका की अरियन गेरालिन कारपियो को 5-0 से हराकर क्वार्टर में प्रवेश किया। हालांकि वह अंतिम आठ में हनाह फे टेलर से 1-2 से हारकर बाहर हो गयीं। अन्य भारतीय एक भी दौर नहीं जीत सके।