पटना पाइरेटस की टीम ने शनिवार को हुए बेहद रोमांचक फाइनल में गत चैंपियन यू मुंबा को 31-28 से हराकर स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग सीजन तीन का खिताब अपने नाम कर लिया।
पटना पाइरेटस के लिए रेडर रोहित कुमार और राजेश मंडल की शुरू से हमले बोलने की रणनीति कारगर रही। कप्तान ऑलराउंडर मनप्रीत सिंह और उपकप्तान संदीप नरवाल की सूझबूझ की बदौलत आखिरी मिनट में दो बेहतरीन रेड की बदौलत अंक हासिल कर पटना पाइरेटस पहली बार चैंपियन बनने में सफल रही।
पटना पाइरेटस के लिए रोहित (8) ने सबसे ज्यादा अंक बनाए जबकि संदीप नरवाल ने (7) टैकल के साथ रेड में योगदान किया। खिताब जीतने पर पटना पाइरेटस को एक करोड़ रुपये जबकि उपविजेता यू मुंबा को 50 लाख रुपये का इनाम मिला।
अनूप ने मैच में एक मिनट के बाकी रहते बढ़िया रेड कर यू मुंबा को 28-28 की बराबरी दिलाई तो स्टेडियम में सन्नाटा छा गया। रेडर दीपक नरवाल ने बढ़िया रेड से आखिरी मिनट में पटना पाइरेटस को 29-28 से आगे कर दिया।
अनूप कुमार रेड करते हुए कोर्ट से बाहर निकल गए और उनकी इस गलती से पटना ने 30-28 की बढ़त ले ली। अनूप कुमार (8) ने हालांकि यू मुंबा के लिए सबसे ज्यादा रेड अंक बनाए लेकिन इस गलती से हीरो बनते-बनते अनूप जीरो बन गए। यू मुंबा पहले हाफ में तो पटना पाइरेटस दूसरे हाफ में ऑलआउट हुई।
पुणेरी पल्टन को मिला तीसरा स्थान
कप्तान मंजीत छिल्लर के बेहतरीन ऑलराउंड खेल और रेडर दीपक निवास हुड्डा(9) तथा फुर्तीले अजय ठाकुर (4) की तेजतर्रार रेड की बदौलत पुणेरी पल्टन ने शानदार वापसी करते हुए बंगाल वॉरियर्स को 31-27 से हरा कर तीसरा स्थान हासिल किया।
मंजीत छिल्लर (6) ने एक सुपर टैकल सहित बेहतरीन टैकल के साथ बतौर कप्तान बेहतरीन भूमिका निभाई। दूसरे हाफ में साथियों से पूरी ताकत टैकल में झोंकने की उनकी रणनीति भी पुणेरी पल्टन की जीत में निर्णायक साबित हुई।
बंगाल वॉरियर्स के लिए उसके दो रेडर दक्षिण कोरिया के जांग कुन ली (9) और महेंद्र गणेश राजपूत (5) ने बेहतरीन आक्रामक खेल दिखाया। तीसरे स्थान पर रहने पर पुणेरी पल्टन को बतौर इनाम 30 लाख रुपए मिले जबकि चौथे स्थान पर रहने वाली बंगाल वॉरियर्स को 20 लाख रुपए मिले।