संसदीय समिति ने टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता के आधार पर कोरोना का टीका लगाए जाने की सिफारिश की है। सांसद विनय सहस्रबुद्धे की अध्यक्षता वाली 31 सदस्यीय संसदीय समिति ने राज्य सभा के सभापति और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडु को बृहस्पतिवार को सौंपी गई रिपोर्ट में यह सिफारिश की है। यही नहीं समिति ने साई में प्रशिक्षकों की कमी पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि यह अस्वीकार्य है। 561 प्रशिक्षकों के खाली पड़े पदों को ओलंपिक से पहले जल्द से जल्द भरा जाए।
साई सेंटर में लगें एमआरआई, एक्स-रे मशीनें
समिति ने यह भी कहा है कि चुनींदा साई सेंटरों में मेडिकल विशेषज्ञों और एक्स-रे, एमआरआई जैसे आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाने चाहिए। जिससे ओलंपिक की तैयारियों में जुटे खिलाड़ियों के चोटिल होने पर होने बिना देरी इलाज मिल सके। समिति ने यह भी कहा कि सभी खिलाड़ियों का मेडिकल इंश्योरेंस करवाया जाए। जिसे राज्य स्तर पर खिलाड़ियों की पहचान कर लागू किया जाए। समिति ने यह भी कहा कि महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, जिससे ओलंपिक में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। समिति ने देश में ज्यादा से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट कराए जाने पर जोर दिया, जिससे भारतीय खिलाड़ियों की ओलंपिक की तैयारियों का पूरा मौका मिल सके। समिति ने कहा कि फ्रांस और जर्मनी जैसे अपने यहां अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट कराकर अपने खिलाड़ियों की तैयारियों को पूरी तरह अंजाम दे रहे हैं, लेकिन भारत में यह संभव नहीं हो पा रहा है।
ओलंपियनों का हो जीवन, स्वास्थ्य बीमा
समिति ने यह भी सिफारिश की है देश में जितने भी ओलंपियन हैं। उनका जीवन और स्वास्थ्य बीमा खेल मंत्रालय की ओर से कराया जाए। आखिरकार ये खिलाड़ी देश का गौरव हैं। यही नहीं समिति ने सरकारी नौकरी में खिलाड़ियों का कोटा तीन प्रतिशत करने को कहा है।
नाडा को सरकारके संरक्षण से निकाला जाए
समिति ने यह भी माना कि ओलंपिक की तैयारियों से पहले खिलाड़ियों को डोपिंग के बारे में पूरी तरह शिक्षित करने की जरूरत है। साथ ही उन्हें वाडा कोड 2021 का पूरा ज्ञान होना चाहिए। समिति ने कहा कि नाडा को स्वायत्तशासी संस्था बनाने के लिए मंत्रालय तेजी से कार्य करे। नाडा को मंत्रालय के संरक्षण से जल्द निकाला जाए। साथ ही एक ऐसी हेल्पलाइन शुरू की जाए जहां खिलाड़ियों को एक फोन पर हर तरह की जानकारी मिल सके।