राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता प्रदीप सिंह (102) ने स्नैच स्पर्धा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। प्रदीप ने स्नैच में अपने तीसरे प्रयास में 151 किग्रा का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने क्लीन एवं जर्क में 195 किग्रा के साथ कुल 346 किग्रा वजन उठाया।
सेना के शुभम (145,180 किग्रा) दूसरे स्थान पर रहे। प्रदीप ने पिछले साल चीन में ओलंपिक क्वालिफाइंग एशियाई चैंपियनशिप के दौरान 351 किग्रा (150, 201 किग्रा) वजन उठाकर तीनों वर्ग में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। हिमाचल प्रदेश के विकास ठाकुर (96 किग्रा) ने स्नैच में 154 और क्लीन एवं जर्क में 192 किग्रा के साथ कुल 346 किग्रा वजन उठाकर खिताब जीता।
महिलाओं में दीपिका हांडा (76 किग्रा) स्नैच में 92 और क्लीन एंड जर्क में 119 किग्रा से कुल 211 किग्रा और श्रृष्टि सिंह (81 किग्रा) स्नैच में 93 और क्लीन एंड जर्क में 112 किग्रा से कुल 205 किग्रा वजन उठाकर चैंपियन बनीं।