पैरालंपियन दीपा मलिक ने सोमवार को लोकसभा चुनाव 2019 से पहले भाजपा का दामन थाम लिया। दीपा ने दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय में शाम 4 बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ज्वाइन किया।
पहले ट्यूमर से और फिर ओलंपिक में इतिहास रचकर देश का नाम रोशन करने वाली दीपा ने 48 साल की उम्र में अपना कदम अब राजनीति की तरफ बढ़ाया है। 30 सितंबर 1970 को हरियाणा के सोनीपत स्थित भैंसवाल गांव में जन्मीं दीपा मलिक का जीवन काफी असहज रहा है, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
बता दें कि दीपा को 29 साल की उम्र में लकवा मार गया था। उनके कमर के नीचे का पूरा हिस्सा पैरालाइज्ड है। रीढ़ में ट्यूमर होने की वजह से वह चल नहीं पाती हैं। 18 साल से व्हील चेयर पर हैं, लेकिन दीपा दर्द और हालातों को मात देकर ओलंपिक में इतिहास रचा।
रियो पैरालंपिक सिल्वर मेडलिस्ट दीपा मलिक ने अपनी उम्र से ज्यादा स्वर्ण पदक जीतकर जज्बे, जोश और जीवटता की मिसाल पेश की है। दीपा की उम्र 48 साल है और उसके पास 50 से ज्यादा स्वर्ण पदक हैं। बता दें कि दीपा ने 17 अलग-अलग खेलों में 58 नेशनल गोल्ड मेडल जीते हैं।