बेंगलुरु स्थित ई-स्पोर्ट स्टार्ट-अप ई वार गेम्स ने भारत के पेशेवर और उभरते PUBG मोबाइल गेमर्स के लिए टूर्नामेंट का आयोजन किया है। ई-वार पबजी महायुद्ध के पहले सीजन का आगाज 18 जून से हुआ, जो एक महीने तक जारी रहेगा।
टूर्नामेंट के तहत कुल 2.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जो देश भर में नए एवं अनुभवी पबजी स्क्वैड्स को पबजी गेमिंग स्पेस में प्रतिस्पर्धा करने और पैसा कमाने का अवसर भी देगा। इस PUBG इवेंट की लाइव स्ट्रीमिंग ई-वार के मोबाइल एप पर की जाएगी।
यह ऑनलाईन टूर्नामेंट तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले स्टेज में टॉप 20 टीम चार दिनों (18 जून से 21 जून) के दौरान एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा करेंगी। इसके बाद दूसरे चरण (22 जून से 15 जुलाई) में कई 'अंडरडॉग' टीम 25 दिनों तक चार अवस्थाओं में खेलेंगी। आखिरी यानि फाइनल चरण- प्रो बनाम अंडरडॉग में टॉप 20 टीम (पहले और दूसरे चरण से 10-10 टीमें) एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा करेंगी, जिसके बाद टूर्नामेंट के फाइनल विजेताओं की घोषणा की जाएगी।
इस अनूठे PUBG इवेंट के बारे में बात करते हुए कंपनी के सीईओ ने कहा कि, 'हमें उम्मीद है प्रतिस्पर्धा रोमांच से भरपूर होगी। आने वाले समय के लिए हमने महायुद्ध के कई और संस्करणों की योजना बनाई है, साथ ही विभिन्न फोर्मेट्स में इसी तरह के प्रमुख ई-स्पोर्ट चैलेंजेस एवं टूर्नामेंट्स का आयोजन भी किया जाएगा।'