फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड के बाकी मैच खेलने के लिए गुजराती, हंपी को होटल के कमरों की पेशकश

Mon, 24 Aug 2020 06:28 PM IST
Rohit Ojha स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
कोनेरू हंपी - फोटो : social media
विज्ञापन

भारतीय खिलाड़ी विदित गुजराती और कोनेरू हंपी को फिडे ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड के अपने बाकी बचे मैच खेलने के लिए उनके शहरों में होटल के कमरों की पेशकश की गई है। मंगोलिया के खिलाफ छठे दौर में इंटरनेट जाने और बत्ती गुल होने से उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ था। भारत रविवार को शुरुआती चरण के नौवें और अंतिम दौर के मुकाबले में चीन की मजबूत टीम को 4-2 से हराकर डिविजन पूल ‘ए’ में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी। भारत को अब यूनान और आर्मेनिया के बीच होने वाले मैच के विजेता का इंतजार है, जिससे 28 अगस्त को वह अंतिम आठ के मुकाबले में भिड़ेगा।

विज्ञापन


गुजराती की अगुआई वाली भारतीय टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय है। मगर छठे दौर में उसे कम रैंकिंग वाली मंगोलिया के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेलना पड़ा, क्योंकि गुजराती और हंपी को इंटरनेट जाने और बत्ती गुल होने के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस मुद्दे का हल निकालने के लिए अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (एआईसीएफ) ने दोनों को बाकी मैच पांच सितारा होटल से खेलने की पेशकश की है।

एआईसीएफ के सचिव भरत सिंह चौहान ने पीटीआई को बताया, ‘हमने सभी खिलाड़ियों को हर संभव सहायता की पेशकश की है। हमने खिलाड़ियों को कहा है कि निर्बाध बिजली और इंटरनेट सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे और उनसे पूछा गया है कि क्या वे होटल से खेलना चाहते हैं’उन्होंने कहा, ‘विदित और हंपी की परेशानियों को देखते हुए उनके शहरों में ही उनके पांच सितारा होटल से बाकी मैच खेलने के इंतजाम किए गए हैं। यह पेशकश बाकी खिलाड़ियों को भी की गई, लेकिन उन्होंने कहा है कि वे अपने घरों से खेलने को प्राथमिकता देंगे।’

विज्ञापन
विज्ञापन

मंगोलिया के खिलाफ मुकाबला गंवाना पड़ा

हंपी ने कहा कि मौजूदा कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए वह होटल में रुकने से हिचक रही हैं, जबकि गुजराती एक या दो दिन में अपने फैसले के बारे में सूचित करेंगे। गुजराती ने कहा, ‘यहां तक कि आज भी दो बार बिजली गई और कुछ मिनट के लिए इंटरनेट भी कट गया। इससे निपटने के लिए मैं वह हर संभव प्रयास कर रहा हूं जो मेरे नियंत्रण में है।’

विश्व रेपिड चैंपियन हंपी ने कहा कि वह स्वास्थ्य संकट के बीच होटल से खेलने के विचार को लेकर सहज नहीं हैं, लेकिन बिजली और इंटरनेट की समस्या के कारण उन्हें मंगोलिया के खिलाफ मुकाबला गंवाना पड़ा। हंपी ने विजयवाड़ा से कहा, ‘मंगोलिया के खिलाफ मुकाबले से पहले पूरी रात बारिश हुई और बिजली की समस्या थी। बिजली विभाग के लोगों ने समस्या का हल निकाल लिया।’

उन्होंने कहा, ‘हालांकि इंटरनेट की समस्या सामने आ गई और मैंने समय गंवा दिया। मेरे पास बिजली के बैकअप की व्यवस्था थी, लेकिन इंटरनेट की समस्या के कारण परेशानी हुई। यह कहीं भी हो सकता है।’ हंपी ने कहा कि इंतजाम किए गए हैं लेकिन कोरोना वायरस के बीच होटल में रहने को लेकर मैं सहज नहीं हूं। क्वार्टर फाइनल मुकाबले के बारे में पूछने पर नासिक के गुजराती ने कहा कि टीम ने जिस तरह वापसी करते हुए चीन को हराया उससे वह खुश हैं और उन्हें क्वार्टर फाइनल में करीबी मुकाबले की उम्मीद है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें