एनआरएआई ने एक दिन पहले शूटरों को खुद लिखकर पांच अक्तूबर से शुरू होने वाले कैंप के रद्द होने की सूचना दी। वहीं बृहस्पतिवार को नाटकीय घटनाक्रम में साई ने एनआरएआई के राष्ट्रीय दल में शामिल शूटरों को कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में सरकारी खर्च पर अभ्यास के लिए बुला लिया।
साई ने ओलंपिक की तैयारियों के लिए एनआरएआई के कोर ग्रुप में और डेवलपमेंट ग्रुप के जूनियर शूटरों के लिए पहले से ही रेंज खोल रखी है। अब उसने पांच अक्तूबर से राष्ट्रीय दल में शामिल 64 अतिरिक्त शूटरों को भी रेंज में अपने खर्च पर प्रैक्टिस करने की अनुमति दे दी है। साई कोर ग्रुप में शामिल शूटरों को एक कैंप की तरह होटल में ठहराने की व्यवस्था भी कराएगी। वहीं राष्ट्रीय दल में शामिल शूटरों को रेंज और कारतूस उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रैक्टिस के लिए आने वाले शूटरों को सात दिनों के एकांतवास में जाना होगा।
सूत्र खुलासा करते हैं कि 20 शूटरों ने एनआरएआई को कैंप में शामिल नहीं होने के लिए लिखा था। फेडरेशन ने शूटरों से यह भी कहा था कि जिन शूटरों का मेल नहीं आएगा तो माना जाएगा कि वह कैंप में शामिल नहीं होना चाहते। जिन शूटरों ने कैंप के बारे में मेल नहीं किया। उनकी संख्या 50 के करीब है। ऐसे में तकरीबन 40 शूटर ही कैंप में शामिल होने के पक्षधर है। ये भी दिल्ली-एनसीआ या आसपास के इलाकों के हैं। देखने वाली बात होगी कि साई ने कैंप में नहीं आने के इच्छुक शूटरों को किस तरह बुलाएगी।