ओलंपिक की तैयारियों के लिए एनआईएस पटियाला में एथलीटों का भारी भरकम कैंप लगा है, लेकिन इस बार उम्मीद से अधिक ठंड पडने की भविष्यवाणी अभी से रंग दिखाने लगी है। कोच और एथलीटों ने इस बारे में फेडरेशन को भी बताया कि अधिक ठंड बढ़ी तो तैयारियां का ग्राफ नीचे गिर जाएगा। फेडरेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार जेवेलिन थ्रोअरों से खास तौर पर नीरज, शिवपाल और अनुरानी से ओलंपिक में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद लगाई जा रही है। इस लिए फेडरेशन उनकी तैयारियां में किसी तरह की बाधा नहीं डालना चाहती है। इसी लिए उनकी तैयारियों केलिए भुवनेश्वर को चुना गया है। उड़ीसा सरकार से इस बारे में बात कर ली गई है। जेवेलिन थ्रोअरों के लिए स्टेडियम को तैयार कराया जा रहा है। स्टेडियम तैयार होते ही थ्रोअरों को भुवनेश्वर भेज दिया जाएगा। पटियाला में इस वक्त छह पुरुष और चार महिला जेवेलिन थ्रोअर तैयारियां कर रहे हैं। इसी तरह मिडिल लॉंग डिस्टेंस के एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट मंजीत सिंह, पीयू चित्रा समेत आठ एथलीट कोरोना के कारण बंगलूरू नहीं जा पाए, लेकिन अब उन्हें बंगलूरू भेजने की व्यवस्था हो गई है।