गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए फ्रांस में भी सुनहरी सफलता हासिल की। हरियाणा के 20 वर्षीय नीरज ने सोटेविले एथलेटिक्स मीट में 85.17 मीटर की दूरी नाप कर स्वर्ण पदक जीता।
मैदान में पदक की होड़ में 2012 लंदन ओलंपिक स्वर्ण विजेता के शोर्न वालकॉट भी थे। त्रिनिदाद एंड टोबैगो के वालकॉट (78.26 मी) पांचवें नंबर पर रहे। मोलदोवा के एंड्रियन मारदारे ने (81.48 मी) रजत और लिथुआनिया के एडिस मातुसेवियस ने (79.31 मी) कांस्य पदक जीता।
पानीपत के नीरज ने 2016 विश्व जूनियर चैंपियनशिप में (86.48 मी) रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था। दोहा डायमंड लीग में पानीपत के नीरज ने 87.43 मीटर के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था लेकिन पदक से चूक गए थे और चौथे स्थान पर रहे थे।
कोच ने दी बधाई : नीरज के कोच उवे होन ने सोशल साइट पर अपने शिष्य को बधाई दी। पूर्व रिकॉर्डधारी जेवलिन थ्रोअर उवे ने कहा कि नीरज तुमने बहुत अच्छा किया, इस लय को कायम रखो। भारतीय एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष आदिल सुमारीवाला ने ट्वीट कर नीरज को बधाई दी और साथ ही स्पोर्ट्स इंडिया और केंद्रीय खेल मंत्रालय को नीरज को फिनलैंड में कोचिंग की इजाजत देने पर धन्यवाद दिया।