अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) ने सेना प्रतियोगिता में नीरज के प्रयास को 2018 में पुरुषों के भाला फेंक के प्रदर्शन को 91वें स्थान पर सूचीबद्ध किया है जिसका मतलब है कि अंतरराष्ट्रीय संस्था इसको मान्यता देती है। मई में दायें हाथ की कोहनी का आपरेशन करवाने वाले नीरज ने कहा कि वह विश्व चैंपियनशिप से बाहर रहने की सोच रहे थे क्योंकि उन्हें लग रहा था कि उन्होंने क्वालीफाई नहीं किया है लेकिन अगर वह टीम में जगह बनाते हैं तो इसमें भाग लेने पर विचार करेंगे।
उन्होंने कहा, 'विश्व चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाई करने की अंतिम तिथि छह सितंबर है और इसलिए मैं इस प्रतियोगिता के लिये क्वालीफाई करने की कोशिश करके जोखिम नहीं लेना चाह रहा था। लेकिन अगर मैंने क्वालीफाई कर लिया है तो फिर मैं विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने के बारे में सोच सकता हूं। मैं तब पूरी तरह फिट हो जाऊंगा और मैं भाग लेने की कोशिश कर सकता हूं।' 21 वर्षीय नीरज का दो मई को आपरेशन किया गया था और वह अभी कर्नाटक के विजयनगर में खेलों से जुड़े एक संस्थान में अभ्यास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'मुझे पता नहीं था कि मैंने विश्व चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाई कर रखा है। मैं यही सोच रहा था कि अगर मुझे उसमें भाग लेना है तो छह सितंबर से पहले क्वालीफाई करना होगा। यह मेरे लिये मुश्किल होता तथा किसी प्रतियोगिता में भाग लेना और क्वालीफाई करने की कोशिश करना भी जोखिम होता।' नीरज ने कहा, 'अगर मैंने विश्व चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाई कर लिया है तो मैं कुछ दिन सहज रह सकता हूं और मुझे लगता है कि सितंबर के आखिर तक मैं फिट हो जाऊंगा।'