विश्व रैंकिंग कोटा के जरिये टोक्यो ओलंपिक में जगह बनाने वाली ओडिशा की फर्राटा धाविका दुती चंद ने कहा कि खेलों में मेरा लक्ष्य 11.10 सेकंड की टाइमिंग निकालना और सेमीफाइनल में पहुंचना है। दुती ने एक इंटरव्यू में कहा, 'मैने एशियाई स्तर पर पदक जीता है लेकिन ओलंपिक में दुनिया भर के शीर्ष खिलाड़ी आते हैं। अमेरिका या जर्मनी के धावकों का टाइमिंग तो 10 सेकंड के आसपास तक चला जाता है। मैने 11.10 का लक्ष्य रखा है, जिससे सेमीफाइनल तक आ सकती हूं।' बता दें कि एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता दुती राष्ट्रीय अंतर राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 100 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रही थी जो उनकी ओलंपिक से पहले आखिरी रेस थी।