मध्यप्रदेश के इंदौर में खेले जा रहे राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के पहले दिन महिला वर्ग में विनेश और रितु फोगाट ने अलग-अलग श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीते। गौरतलब है कि महिला वर्ग में केवल दो अलग-अलग किग्रा भार श्रेणियों में प्रतियोगिता हुई और दोनों में फोगाट बहनों ने अपना सिक्का जमाया।
रेलवे का प्रतिनिधित्व कर रही राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश ने महिलाओं की 55 किलोग्राम श्रेणी में मनीषा को हराकर पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, रितु ने 50 किलोग्राम श्रेणी में निर्मला को मात देकर गोल्ड मेडल जीता।
पढ़ेंः- सुशील कुमार की तीन साल बाद दमदार वापसी, बने नेशनल चैंपियन, साक्षी और गीता को गोल्ड
राष्ट्रीय महिला टीम के कोच कुलदीप मलिक के मुताबिक, फोगाट बहनों ने अपनी प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया। ग्रीको- रोमन की 82 किलोग्राम श्रेणी में पंजाब के हरप्रीत सिंह ने रेलवे के अमरनाथ यादव को हराकर स्वर्ण जीता।