एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) की देश में खेल गतिविधियां शुरू करने की कोशिशों को झटका लगा है। एएफआई की ओर से एनआईएस पटियाला में पहली बार आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय थ्रो चैंपियनशिप को साई ने मंजूरी नहीं दी है। साई को डर है कि चैंपियनशिप कराने से यहां ओलंपिक की तैयारियों में जुटे खिलाड़ी कोरोना के संक्रमण में आ सकते हैं।
दूसरे सेंटर का विकल्प:
साई ने हालांकि एएफआई को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम दिल्ली समेत अन्य सेंटरों में चैंपियनशिप कराने का विकल्प दिया है। इसके लिए फेडरेशन तैयार नहीं है। फेडरेशन का तर्क है कि पटियाला से बाहर चैंपियनशिप कराई जाती है तो शिविर में शामिल नीरज चोपड़ा, तेजिंदर पाल सिंह तूर और शिवपाल सिंह जैसे थ्रोअरों को यहां से निकालना पड़ेगा। वापस आने पर इन्हें फिर से 14 दिन के एकांतवास में जाना होगा। ऐसे में इनकी ट्रेनिंग प्रभावित होगी।
शुरू होनी थी एथलेटिक गतिविधियां:
फेडरेशन को अपनी घरेलू गतिविधियां सितंबर में ही शुरू करनी थीं। कोरोना के चलते उसने इन्हें अक्तूबर के लिए आगे बढ़ा दिया। इसकी शुरुआत 26 और 27 अक्तूबर को नेशनल थ्रो चैंपियनशिप से होनी जा रही थी, जिसमें शॉटपुट, जेवलिन, हैमर और डिस्कस के सभी पुरुष और महिला एथलीटों को भाग लेना था। यह मीट ओपन थी जिसमें शिविर में नहीं शामिल अन्य एथलीटों को भी भाग लेना था। सूत्र बताते हैं कि मंजूरी नहीं मिलने के कारण अब यह मीट आगे बढ़ाई जाएगी।