शिवा थापा (63 किग्रा), मोहम्मद हस्समुद्दीन (57 किग्रा) और पीएल प्रसाद (52 किग्रा) ने चतुर्थ एलीट पुरुष राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में गुरुवार को अपने-अपने भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीता।
आसाम के रहने वाले शिव थापा ने 63 किलोग्राम भारवर्ग में सेना के मुक्केबाज आकाश को 4-1 से हराया। वहीं, हस्समुद्दीन 57 किलोग्राम भारवर्ग में रेलवे के सचिन सिवाच को 3-2 से मात दी। इसके अलावा पीएल प्रसाद 52 किग्रा में रेलवे के आशीष इंसा को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
सेना के ही नवीन बूरा ने 69 किग्रा वर्ग में गुजरात के जयेश देसाई के चैम्पियन बनने का सपना तोड़ते हुए खिताब हासिल किया। हरियाणा के अंकित खटाना और सुमित सांगवान ने क्रमश: 75 किग्रा और 91 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किये। सेना के युवा मुक्केबाज विनोद तोमर ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में महाराष्ट्र के अजय पेंडोर को 4-1 से हराया।
सेना ने अपना वर्चस्व बरकरार रखते हुए राष्ट्रीय खिताब का बचाव किया। सेना ने छह स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित नौ पदक जीतने के साथ 62 अंक बनाए। रेलवे और हरियाणा 37 और 30 अंकों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।