रियो ओलंपिक में पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली शटलर पीवी सिंधू और पहलवान साक्षी मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके आधिकारिक आवास सात रेस कोर्स रोड पर रियो के पलों को साझा किया।
सिंधू और साक्षी के साथ पीएम ने इस बार देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न हासिल करने वाली जिम्नास्ट दीपा कर्माकर और शूटर जीतू रॉय से भी उनके अनुभव सुने।
दरअसल पीएम मोदी ने रविवार को एक नई परंपरा की शुरूआत करते हुए इस बार के सभी राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेताओं से मुलाकात की।
अब तक यह परंपरा रही है कि खेल रत्न, अर्जुन अवार्ड, द्रोणाचार्य अवार्ड, ध्यानचंद अवार्ड, तेनजिंग नोर्गे अवार्ड, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार विजेता राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कृत होते हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री का उनसे मुलाकात का कोई कार्यक्रम नहीं होता था, लेकिन अब तक चली आ रही परिपाटी को तोड़ते हुए पीएम ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेताओं को अपने आवास पर बुलाया।
दरअसल पीएम की मुलाकात रियो की पदक विजेता पीवी सिंधू और साक्षी मलिक से होनी थी लेकिन उन्होंने सभी से मिलने की इच्छा जताई।सिंधू अपने साथ रियो में जीता हुआ रजत पदक लेकर गईं थीं, पीएम ने उनका रजत पदक देखकर उन्हें शाबाशी दी। उन्होंने सिंधू और साक्षी के साथ लंबी बातचीत की। इस दौरान रियो में 7वां स्थान हासिल करने वाली ललिता बाबर भी मौजूद थीं। उन्हें इस बार अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में अमेरिका में वेस्टइंडीज के साथ टी-20 श्रृंखला खेलने के कारण क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे मौजूद नहीं थे।