भारत के महान धावक मिल्खा सिंह को बुधवार को अस्पताल के आईसीयू से बाहर निकाला गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बता दें कि सिंह का अस्पताल में कोविड निमोनिया का उपचार चल रहा था। अस्पताल ने कहा, 'आज हम उन्हें आईसीयू से निकालकर कमरे में लाए जहां उन्हें उनकी पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह के साथ रखा गया है जिन्हें कोविड निमोनिया के कारण आज अस्तपाल में भर्ती कराया गया। दोनों का करीबी निरीक्षण किया जा रहा है।'
पत्नी भी हुई अस्पताल में भर्ती
मिल्खा सिंह की 82 वर्षीय पत्नी और भारतीय वॉलीबाल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर को कोविड निमोनिया के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद बुधवार को मोहाली के उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनके पति का इलाज चल रहा है। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ने अपडेट में कहा, 'मिल्खा सिंह कृत्रिम आक्सीजन पर ही हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर है। हालांकि वह कमजोर हैं और हम उन्हें मनाने का प्रयास कर रहे हैं कि वह अपने खाने की मात्रा में इजाफा करें।'
गौरतलब है कि मिल्खा सिंह के परिवार के जब सभी सदस्यों का वायरस के लिए परीक्षण किया गया था तो निर्मल कौर निगेटिव आई थी। वहीं, पिछले बुधवार को कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद मिल्खा सिंह को सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दिन वह कोविड निमोनिया से पीड़ित पाए गए थे।