भारत के महान धावक 91 वर्षीय मिल्खा सिंह की हालत एक बार फिर बिगड़ गई है। घटते ऑक्सीजन लेवल के चलते उन्हें गुरुवार को चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया।अस्पताल ने बयान जारी कर कहा, 'मिल्खा सिंह को आज दोपहर 3:35 बजे पीजीआईएमईआर के कोविड अस्पताल के आईसीयू में ऑक्सीजन का स्तर गिरने के कारण भर्ती कराया गया। उन्हें निगरानी में रखा गया है और अब उनकी हालत स्थिर है।'
वहीं, उनके बेटे जीव मिल्खा सिंह ने बताया, 'हां, फिलहाल वह आईसीयू कोविड वार्ड में भर्ती हैं। भगवान से प्रार्थना है कि वह जल्दी से ठीक हो जाएं। बता दें कि बीते रविवार को मिल्खा सिंह को परिवार के अनुरोध पर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। उस समय उनकी हालत स्थिर थी। हालांकि, वह लगातार आइसोलेशन में और ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे।
पत्नी भी हुई थीं अस्पताल में भर्ती
मिल्खा सिंह की 82 वर्षीय पत्नी और भारतीय वॉलीबाल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर को कोविड निमोनिया के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद पिछले महीने की 26 तारीख को मोहाली के उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनके पति का इलाज चल रहा था।