कप्तान अचंता शरत कमल की अगुआई में पुरुष टीम और मनिका बत्रा के नेतृत्व में महिला टीम बुधवार से जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में शुरू हो रही 21वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप में दावेदार के रूप में उतरेगी।
भारतीय पुरुष टीम को ग्रुप बी में सिंगापुर और स्कॉटलैंड के साथ रखा गया है। टूर्नामेंट की शीर्ष रैंकिंग वाली टीम इंग्लैंड को ग्रुप ए में श्रीलंका और साइप्रस के साथ जगह मिली है। प्रत्येक ग्रुप से दो टीमें दूसरे चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी।
पुरुष एकल और टीम चैंपियनशिप के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता कमल ने कहा,‘हमें सबसे मुश्किल ग्रुप में जगह मिली है लेकिन इंग्लैंड, नाईजीरिया और सिंगापुर ने अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को नहीं उतारा है। ऐसे में भारतीय पुरुषों को टीम और ओपन स्पर्धाएं जीतनी चाहिए। दुनिया के 24वें नंबर के खिलाड़ी जी साथियन पिछले कुछ समय में जिस तरह खेल रहे हैं उससे सबसे कड़ी टीमों के खिलाफ भी भारत के पास मौका रहेगा।
इसकी तुलना में महिला टीम का ड्रॉ आसान है। भारत को दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के साथ ग्रुप बी में, जबकि ग्रुप ए में शीर्ष वरीय सिंगापुर, वेल्स और स्कॉटलैंड को जगह दी गई है। भारतीय महिला टीम को पहले दौर की बाधा पार करने में अधिक दिक्कत नहीं आनी चाहिए। टीम का दारोमदार मनिका पर होगा।