देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड पर कॉमनवेल्थ खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट मनिका बत्रा और पैरालंपिक मेडिलिस्ट दीपा मलिक ने भी दावा जता दिया है। इस बार खेल रत्न पर कुल 14 खिलाडिय़ों ने दावा ठोका है। इनमें ज्यादातर वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने पिछली भी आवेदन किया था। 15 अर्जुन अवार्ड के लिए भी इस बार तगड़ी लड़ाई है। इस प्रतिष्ठित अवार्ड पर सौ से अधिक खिलाडिय़ों ने आवेदन किया है। हाल ही में आवेदन करने वालों में दुनिया के पहले 85 टेनिस खिलाडियों में शामिल प्रजनेश गुणेश्वरन, शटलर साई परणनीत कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर शामिल हैं।
इस बार के सात दावेदारों ने पहले भी किया आवेदन
खेल रत्न के लिए इस बार आवेदन करने वाले बजरंग, नीरज चोपड़ा, मनिका बत्रा, दीपा मलिक, टेबल टेनिस खिलाड़ी मौमा दास, कंपाउंड तीरंदाज ज्योति सुरेखा ने पिछली बार भी दावा जताया था। बजरंग को खेल रत्न नहीं मिलने पर काफी विवाद भी हुआ था। पीआर श्रीजेश, हीना सिद्धू, अंकुर मित्तल, गूंगा पहलवान के नाम से मशहूर विरेंदर सिंह, विनेश इस बार अन्य दावेदार हैं। स्क्वे के तीन खिलाडिय़ों ने भी दावा जताया है।
दिग्गज हैं अर्जुन अवार्ड की दौड़ में
अर्जुन अवार्ड की दौड़ में इस बार कई दिग्गज हैं। इनमें वर्ल्ड नंबर दो शूटर अंजुम मौद्गिल, शहजर रिजवी, तैराक सज्जन प्रकाश, घुड़सवार फवाद मिर्जा, एथलीट स्वप्ना बर्मन, दूती चंद, तेजिंदर पाल तूर, मुहम्मद अनस, मंजीत सिंह, पहलवान संदीप तोमर, पूजा ढांढा, ओलंपियन जुडोका गरिमा, शतरंज ग्रैंड मास्टर, अधिबान, प्रज्ञानंदा, विदित गुजराती, हॉकी खिलाड़ी पूनम रानी, सुशीला चानू ने हाल ही में आवेदन किया है। जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा, पूनम यादव, मुहम्मद शमी के लिए बीसीसीआई आगे आया है।
हरभजन के कोच, विमल, जसपाल द्रोणाचार्य की दौड़ में
द्रोणाचार्य अवार्ड केलिए इस बार हरभजन सिंह के कोच रहे पूर्व रणजी खिलाड़ी देवेंदर अरोड़ा ने आवेदन किया है। दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी विमल कुमार के अलावा जूनियर शूटिंग टीम के कोच जसपाल राणा, मैरी कॉम के वर्तमान कोच छोटे लाल यादव, भारतीय बॉक्सिंग टीम के कोच धर्मेंद्र यादव, मनिका के कोच रहे संदीप गुप्ता, तूर के कोच एमएस ढिल्लों, हीना सिद्धू के कोच रौनक पंडित, पैरा बैडमिंटन कोच गौरव खन्ना, वूशु कोच कुलदीप हांडू ने भी द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए आवेदन किया है।