अमेरिका के पूर्व दिग्गज पेशेवेर गोल्फर डग सैंडर्स ने रविवार को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 86 साल के थे। पीजीए टूर पर सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में से एक रहे सैंडर्स ने 1956 में कनाडा ओपन सहित अपने करिअर में 20 खिताब जीते।
सैंडर्स गोल्फ जगत में ‘पीकॉक ऑफ द फेयरवेज’ के नाम से मशहूर थे। सैंडर्स मेजर चैंपियनशिप में चार बार उप विजेता रहे जिसमें 1970 की ब्रिटिश ओपन चैंपियनशिप भी शामिल है जहां वह काफी करीब से खिताब से चूक गए थे। उन्होंने इसके अलावा सीनियर चैंपियंस टूर पर भी 218 प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अपने खुद के टूर्नामेंट डग सैंडर्स सेलिब्रिटी क्लासिक की भी मेजबानी की।