ओलंपियन काइनान चेनाई यूएई के अल ऐन में चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप चरण की पुरुष ट्रैप स्पर्धा के क्वालीफाइंग चरण के पहले दिन 50 में से 49 अंक जुटाकर भारतीय निशानेबाजों के बीच शीर्ष पर रहे।
रियो ओलंपिक में शिरकत कर चुके 28 साल के इस निशानेबाज को मंगलवार को क्वालीफाइंग के तीन और दौर खेलने हैं। काइनान के टीम के साथी पृथ्वीराज तोंडईमान ने 48 जबकि जोरावर सिंह संधू ने 47 अंक जुटाए।
स्पर्धा में हिस्सा ले रहे 142 निशानेबाजों में से 11 ने परफेक्ट 50 का स्कोर बनाया। काइनान 12वें स्थान पर चल रहे हैं जबकि पृथ्वीराज और जोरावर क्रमश: 43वें और 57वें स्थान पर हैं। दूसरी तरफ फ्रांस की केरोल कोरमेनियर ने महिला ट्रैप स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।
भारत की शगुन चौधरी 115 अंक के साथ 26वें स्थान पर रही। राजेश्वरी कुमार (109) ने 50वां जबकि वर्षा वर्मन (92) ने 69वां स्थान हासिल किया। केरोल और रजत पदक विजेता जर्मनी की क्रिस्टी बार को इस स्पर्धा से ओलंपिक कोटा मिले।