खेल मंत्री किरेन रिजिजू ऑनलाइन ट्रेनिंग कार्यक्रम लॉन्च करते हुए
- फोटो : social media
खेल मंत्री किरेन रिजिजू और महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला शारीरिक शिक्षा (पीई) शिक्षक और सामुदायिक कोचों के लिए ऑनलाइन ट्रेनिंग कार्यक्रम लॉन्च किया।
भारतीय खेल प्राधिकरण की विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्यक्रम 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' और 'फिट इंडिया' कार्यक्रम से जुड़ा है, जिसका उद्देश्य प्राथमिक, माध्यमिक और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की महिला शिक्षिकाओं को फिटनेस ट्रेनिंग देकर सशक्त करना है ताकि वे छात्रों को सशक्त कर सकें।
इस कार्यक्रम में 12,500 पीई शिक्षिकाओं और कोचों ने पंजीकरण कराया, जिन्हें मुफ्त में ट्रेनिंग दी जाएगी। यह ऑनलाइन कार्यक्रम सोमवार से शुरू होकर 26 मार्च तक चलेगा जिसमें 28 सत्र (हिंदी और अंग्रेजी में) होंगे।
खेलमंत्री ने कहा, 'यह ऑनलाइन ट्रेनिंग कार्यक्रम कई परियोजनाओं में से पहला कार्यक्रम है जो मंत्रालय साथ मिलकर आयोजित करेगा।' इस मौके पर फिट इंडिया मिशन ने सोमवार की सुबह 'ऑल वुमैन्स फिट इंडिया वाकैथॉन' का भी आयोजन किया। रिजिजू ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में इसे हरी झंडी दी।