अप्रैल में एशियाई चैंपियनशिप में मीराबाई मामूली अंतर से पदक से चूक गई थी। मीराबाई ने कुल 199 किग्रा (86 और 113 किग्रा) वजन उठाया था लेकिन चीन की झेंग रोंग से पिछड़ गई थी। झेंग ने भी इतना ही वजन उठाया था लेकिन क्लीन एवं जर्क में अधिक भार उठाने के कारण चीन की खिलाड़ी को पदक मिला।
ओलंपिक पदक की दावेदारी में भी
रिजिजू ने कहा, ‘भारोत्तोलन में मुख्य चुनौती एशियाई देश पेश करते हैं। मुझे लगता है कि हम टोक्यो ओलंपिक में भारोत्तोलन में पदक जीतेंगे।’ रिजिजू ने कहा कि सरकार भारोत्तोलकों के प्रदर्शन में सुधार के तरीके ढूंढने को लेकर उत्सुक है जिसमें युवा और जूनियर वर्ग पर अधिक ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘टीम ने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में सीनियर और जूनियर वर्ग में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। भारत अब राष्ट्रमंडल में नंबर एक टीम है।’ खेल मंत्री ने कहा, ‘इन खिलाड़ियों की मदद के लिए हम हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। युवाओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए क्योंकि वे अगली पीढ़ी हैं और वे हमें आगे लेकर जाएंगे।’