कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले ही दिन भारत ने स्वर्णिम सफलता हासिल कर ली है। भारत की महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग की 48 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर विदेशी सरजमीं पर देश का सम्मान बढ़ाया है। चानू की इस उपलब्धि के बाद पूर्व भारतीय महिला वेटलिफ्टर कर्णम मल्लेश्वरी ने उनकी जमकर तारीफ की।
सिडनी ओलंपिक (2000) में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली कर्णम मल्लेश्वरी ने कहा, 'कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए इससे अच्छी शुरुआत हो ही नहीं सकती। चानू की इस उपलब्धि से भारतीय एथलीटों को काफी प्रेरणा मिलेगी। महिला वेटलिफ्टिंग के पहले ही राउंड में चानू ने गोल्ड के संकेत दे दिए थे।'
आगे बोलते हुए मल्लेश्वरी ने कहा, 'चानू की इस स्वर्णिम सफलता के बाद न सिर्फ कॉमनवेल्थ बल्कि ओलंपिक में भी ज्यादा बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर सकते हैं।' बता दें कि कर्णम माल्लेश्वरी ने साल 2000 में हुए सिडनी ओलंपिक में वेटलिफ्टिंग की 69 किलोग्राम कैटेगरी में ब्रॉन्ज जीता था। वहीं मौजूदा कॉमनवेल्थ गेम्स में चानू से पहले गुरुराजा ने वेटलिफ्टिंग की 56 किलोग्राम मेंस कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। इसके साथ ही भारत का कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक का खाता खुला।