थाना निहाल सिंह वाला के गांव बुर्ज हमीरा में 23 वर्षीय युवा कबड्डी खिलाड़ी के नशे की ओवरडोज के कारण पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई। थाना प्रमुख दिलबाग सिंह ने कहा कि मृतक नशे का तो आदी था और संभावना जताई जा रही है कि उसकी मौत ओवरडोज के कारण हुई हो, लेकिन असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लग सकता है।
चरन सिंह पुत्र दर्शन सिंह 27 जून को घर से बाल कटाने के बहाने 50 रुपये लेकर गया। शाम को घर लौट कर वह रोटी खाकर सो गया। सुबह परिजनों ने उसे उठाया तो वह बेहोशी की हालत में था। इसके बाद उसे बठिंडा और अन्य कई अस्पतालों में इलाज के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल करवाया गया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार चरन कबड्डी खिलाड़ी था और बुरी संगत के चलते वह नशे का आदी हो गया था। उसके परिवार ने उसे गंगानगर के नशा छुड़ाओ केंद्र में 20 दिन के लिए दाखिल करवाया था, लेकिन उसने नशा नहीं छोड़ा।