स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नॉर्थ बेंगलुरु सेंटर के वरिष्ठ कबड्डी कोच को हाल ही में यौन उत्पीड़न के आरोप में बर्खास्त किया गया था। अब सस्पेंशन झेल रहे कोच ने खुदकुशी कर ली है। कोच का शव मृत अवस्था में एक होटेल के कमरे में पाया गया।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार 9 अक्टूबर को स्पोर्ट्स अथॉरिटी के कैंपस में में बने कमरे में लड़कियां कपड़े बदल रही थीं। इसी दौरान कबड्डी कोच रुद्रप्पा वी होसमानी (59) पर एक 13 साल की बच्ची का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा था।
आरोपों की जांच के लिए सेंटर में 10 अक्टूबर को एक आंतरिक जांच कमिटी गठित की गई थी। इस मामले की तफ्तीश होने के बाद कोच को उनके पद से बर्खास्त कर दिया गया था। उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। रविवार को होसमनी ने दावनगेरे के एक होटेल में कमरा लिया।
सोमवार को वह होटेल के कमरे से बाहर नहीं आए तो होटेल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो होसमानी की लाश रस्सी से लटक रही थी। पुलिस को मौके से एक सुइसाइड नोट भी बरामद हुआ।
सुसाइड नोट में मृतक कोच ने अपनी पत्नी देविका, बेटे राकेश, नजदीकि रिश्तेदारों और दोस्तों से माफी मांगी है। कोच ने लिखा, 'मैंने जो किया उसके लिए मैं माफी मांगता हूं। मैं असहाय हूं। मेरी बॉडी डोनेट कर दी जाए।' कोच ने अपने बेटे से कहा है कि वह अपनी मां का ध्यान रखे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे घरवालों को सौंप दिया है।