जोशना चिनप्पा ने 77वीं सीनियर राष्ट्रीय स्क्वॉश चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी प्रतिद्वंद्वी तन्वी खन्ना को हरा दिया है। इस जीत के साथ वे रिकॉर्ड 18वीं बार खिताब पर कब्जा करने में सफल रहीं। महिला वर्ग में शीर्ष वरीय चिन्नप्पा ने शनिवार को तनवी को 8-11, 11-6, 11-4, 11-7 हराकर अपनी बादशाहत बरकरार रखी।
चिनप्पा ने साल 2000 के बाद से अब तक सिर्फ दो मैच ही गंवाए हैं जिसमें दोनों ही मुकाबले राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल मैच थे।
चिनप्पा के अलावा पुरुषों में सौरव घोषाल ने भी खिताब पर कब्जा जमाया, उन्होंने फाइनल में दूसरी वरीय युवा अभिषेक प्रधान को 11-6, 11-5, 11-6 से हराकर 13वीं बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। नंबर एक खिलाड़ी अनुभवी घोषाल ने अपने प्रतिद्वंदी को कोई भी मौका नहीं दिया और सीधे सेटों में मैच अपने नाम कर लिया।