राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को प्रतिष्ठित डायमंड लीग के फाइनल का टिकट कटा लिया। खिताबी मुकाबला 30 अगस्त को होगा। हरियाणा के पानीपत के चोपड़ा इस महीने के शुरू में डायमंड लीग सीरीज के रबात (मोरक्को) चरण में 83.32 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो से पांचवें स्थान पर रहे थे।
उन्होंने वहां से चार डायमंड लीग अंक हासिल किए थे और पांच अन्य खिलाड़ियों के साथ फाइनल में प्रवेश किया। चोपड़ा के अलावा मौजूदा विश्व चैंपियन जोहानेस वेटर, ओलंपिक चैंपियन थामस रोहलर , 2017 आईएएएफ डायमंड लीग चैंपियन जैकब वाडलेजिच, जर्मन चैंपियन आंद्रियास होफमैन और एस्तोनिया के रिकार्डधारी मैग्नस कर्ट ने भी क्वालिफाई किया। रबात से पहले नीरज ने दो अन्य डायमंड लीग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था।
वह दोहा में चार मई को चौथे स्थान पर रहे थे जिससे उन्हें पांच अंक मिले थे जबकि 25 मई को अमेरिका के यूजीन में छठे स्थान से तीन अंक जुटाने में सफल रहे थे। वह दोहा डायमंड लीग में 87.43 मीटर के थ्रो से चौथे स्थान पर रहे थे। 14 चरण की डायमंड लीग प्रतियोगिताओं में दुनिया के शीर्ष एथलीट भाग लेते हैं। प्रत्येक चरण में शीर्ष आठ में रहने वाले खिलाड़ियों को इनामी राशि मिलती है।
आठवें स्थान पर रहने वाले एथलीट को 1000 डॉलर (करीब 68608 रुपये), जबकि विजेता को 10,000 डॉलर (करीब 685980 रुपये) मिलते हैं। ज्यूरिख और ब्रसेल्स में डायमंड लीग फाइनल में इस इनामी राशि को बढ़ा दिया गया है, जिसमें आठवें स्थान पर रहने वाले को 2,000 डॉलर (करीब 137202 रुपये), जबकि पहले स्थान पर रहने वाले को 50,000 डॉलर (करीब 3430050 रुपये) मिलेंगे।