भारत के दिग्गज पैरालंपियन भाला फेंक एथलीट देवेंद्र झाझरिया ने राष्ट्रीय चयन ट्रायल के दौरान अपने ही विश्व रिकॉर्ड में सुधार करके टोक्यो पैरालंपिक खेलों के लिए क्वालिफाई किया।
पैरालंपिक खेलों में पुरुषों के एफ-46 वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले 40 वर्षीय झाझरिया ने ट्रायल्स के दौरान 65.71 मीटर भाला फेंका। अपने इस प्रदर्शन से उन्होंने न सिर्फ ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया बल्कि 63.97 मीटर के अपने पिछले विश्व रिकॉर्ड में भी सुधार किया।
उन्होंने यह रिकॉर्ड रियो पैरालंपिक 2016 में बनाया था। झाझरिया ने कहा कि मेरे परिवार का सहयोग, कोच सुनील तंवर और फिटनेस ट्रेनर लक्ष्य बत्रा की मेहनत से ये सब कर पाया हूं। टोक्यो पैरालंपिक खेल 24 अगस्त से शुरू होंगे। झाझरिया के यह तीसरे पैरालंपिक खेल होंगे। उन्होंने 2004 एथेंस पैरालंपिक और 2016 में रियो खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे।