जापान ने वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण देश में आपातकाल जैसी स्थिति के बीच टोक्यो ओलंपिक की मशाल को प्रदर्शनी से हटा दिया। कोरोना वायरस संक्रमण के दुनियाभर में फैलने के कारण पहले ही टोक्यो 2020 ओलंपिक को एक साल के लिए स्थगित कर दिया गया है।
इस मशाल को जापान के पूर्वोत्तर क्षेत्र फुकुशिमा में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए रखा गया था, लेकिन जापान के ओलंपिक आयोजकों ने देश में कोरोना वायरस के मामलों के बढ़ने के बाद इसे हटाने का फैसला किया। इस मशाल को यूनान में प्रज्जवलित किया गया था जो 20 मार्च को जापान पहुंची थी। आयोजन समिति के प्रवक्ता ने कहा, ‘हम मशाल को 30 अप्रैल तक सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए रखना चाहते थे लेकिन हाल के घटनाक्रम को देखते हुए हमने इसे रोकने का फैसला किया।’